राष्ट्रीय युवा दिवस 2026 पर बरेली कैंट में ‘रन फॉर विकसित भारत-2047’ मिनी मैराथन, 1500 धावकों की जोरदार भागीदारी
- Advertisement -
राष्ट्रीय युवा दिवस 2026 पर बरेली कैंट में ‘रन फॉर विकसित भारत-2047’ मिनी मैराथन, 1500 धावकों की जोरदार भागीदारी
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स स्टेडियम से निकली दौड़, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने दिया फिट इंडिया और राष्ट्र निर्माण का संदेश
बरेली। राष्ट्रीय युवा दिवस 2026 के अवसर पर बरेली कैंट क्षेत्र स्थित मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में ‘रन फॉर विकसित भारत-2047’ थीम पर भव्य मिनी मैराथन का आयोजन किया गया।
इस आयोजन में युवाओं के साथ-साथ महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और फिट इंडिया, पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया।
मिनी मैराथन को कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, लेफ्टिनेंट जनरल एवं जीओसी डीजी मिश्रा तथा कैंटोनमेंट बोर्ड की मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. तनु जैन ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई।
मैराथन को संबोधित करते हुए लेफ्टिनेंट जनरल डीजी मिश्रा ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि बरेली के युवा खेल प्रतिभाओं से परिपूर्ण हैं और आने वाले समय में ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने केंद्र सरकार की ‘खेलो इंडिया’ योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में खेलों और खिलाड़ियों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है। इससे स्थानीय स्तर के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और आगे बढ़ने का मंच मिल रहा है।
कैंटोनमेंट बोर्ड की सीईओ डॉ. तनु जैन ने बताया कि इस मिनी मैराथन का मुख्य उद्देश्य ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को आमजन तक पहुंचाना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
5 किलोमीटर की इस दौड़ में 13 वर्ष से 60 वर्ष तक के प्रतिभागियों ने भाग लिया। कुल 1500 पंजीकृत धावकों ने तीन अलग-अलग श्रेणियों में अपनी फिटनेस, अनुशासन और जोश का प्रदर्शन किया।
मैराथन मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स स्टेडियम से शुरू होकर युगवीणा चौक, पहलवान बाबा मंदिर, बिशप चौक, कारगिल चौक और शहीद चौक से होते हुए पुनः स्टेडियम पर समाप्त हुई। पूरे रूट पर देशभक्ति, ऊर्जा और अनुशासन का प्रभावशाली नजारा देखने को मिला।
इस आयोजन में सेना के जवानों, पुलिसकर्मियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं ने भी बड़ी संख्या में भागीदारी की।
प्रतियोगिता के विजेताओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिसमें प्रथम स्थान पर ₹5000, द्वितीय स्थान पर ₹2500 और तृतीय स्थान पर ₹1500 का पुरस्कार प्रदान किया गया।