आईटी सेक्टर की नौकरी छोड़ शूटिंग को चुना करियर, मंतशा फातिमा के जज्बे को सलाम

0 52

- Advertisement -

आईटी सेक्टर की नौकरी छोड़ शूटिंग को चुना करियर, मंतशा फातिमा के जज्बे को सलाम

रिपोर्ट/आसिफ अली

- Advertisement -

राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में सफलता से मंतशा ने बढ़ाया बरेली का मान

उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद के पुराने शहर की रहने वाली मंतशा फातिमा ने अपने साहस, मेहनत और समर्पण से एक नई मिसाल कायम की है।

1 जनवरी से 6 जनवरी तक नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर मंतशा ने न सिर्फ सफलता हासिल की, बल्कि बरेली जनपद का नाम भी रोशन किया है।

मंतशा फातिमा थाना बारादरी क्षेत्र के पुराने शहर इलाके की निवासी हैं। वह एक मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता मुशाहिद हुसैन उत्तर प्रदेश रोडवेज से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं, जबकि मां शबनम एक गृहिणी हैं।

मंतशा ने एमबीए की पढ़ाई पूरी करने के बाद दिल्ली में आईटी सेक्टर में नौकरी भी की, लेकिन उनका मन हमेशा कुछ अलग और बड़ा करने की चाह में लगा रहा।

बचपन से ही मंतशा को शूटिंग में गहरी रुचि थी। वह अपने पिता से खिलौना गन मंगवाया करती थीं। बेटी के जुनून को पहचानते हुए पिता ने हर कदम पर उसका साथ दिया।

बाद में गुरु सलमान के मार्गदर्शन में मंतशा ने शूटिंग की विधिवत ट्रेनिंग शुरू की और कड़ी मेहनत के दम पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में सफलता प्राप्त की।
मंतशा इससे पहले भी विभिन्न शूटिंग प्रतियोगिताओं में कई पदक जीत चुकी हैं। वह आज शहर की अन्य लड़कियों के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं और चाहती हैं कि ज्यादा से ज्यादा बेटियां आगे आएं, खेलों में हिस्सा लें और अपने शहर व देश का नाम रोशन करें।

मंतशा फातिमा अब अंतरराष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिताओं की तैयारी में जुटी हैं और जल्द ही देश का प्रतिनिधित्व करने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही हैं। उनका यह सफर साबित करता है कि सच्चा जुनून और मेहनत किसी भी मुकाम को हासिल कर सकती है।