नए साल में बरेली को हवाई सौगात: मार्च तक नवी मुंबई की सीधी फ्लाइट, साल के अंत तक दो और उड़ानों की तैयारी
- Advertisement -
नए साल में बरेली को हवाई सौगात: मार्च तक नवी मुंबई की सीधी फ्लाइट, साल के अंत तक दो और उड़ानों की तैयारी
रिपोर्ट/आसिफ अली
- Advertisement -
बरेली। नए साल में बरेली के यात्रियों के लिए हवाई कनेक्टिविटी के मोर्चे पर बड़ी खुशखबरी है। मार्च 2026 के अंत तक बरेली से नवी मुंबई के बीच सीधी उड़ान शुरू होने की पूरी तैयारी कर ली गई है। इसके साथ ही वर्ष 2026 के अंत तक बरेली एयरपोर्ट से दो और नई घरेलू उड़ानें शुरू किए जाने का दावा किया गया है, जिससे जिले की हवाई पहुंच और मजबूत होगी।
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के अनुसार बरेली–नवी मुंबई रूट के लिए नवी मुंबई एयरपोर्ट पर स्लॉट आवंटित हो चुका है और एएआई की अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) भी मिल गई है। अब मार्च के अंत तक उड़ान शुरू करने को लेकर अंतिम चरण की तैयारियां चल रही हैं।
हाल ही में हुए घरेलू उड़ान ग्राहक संतुष्टि सर्वेक्षण में बरेली एयरपोर्ट को उत्तर प्रदेश में पहला और देशभर में सातवां स्थान मिला है। इस उपलब्धि के बाद नई उड़ानों को लेकर उम्मीदें और बढ़ गई हैं। यह सर्वे एएआई की ओर से जुलाई से दिसंबर के बीच कराया गया था।
फिलहाल बरेली एयरपोर्ट से सप्ताह में चार दिन मुंबई और तीन दिन बंगलूरू के लिए उड़ानें संचालित हो रही हैं। बंगलूरू के लिए सीधी ट्रेन सेवा उपलब्ध नहीं है, जबकि मुंबई के लिए अप-डाउन मिलाकर कुल छह ट्रेनें हैं, जो अक्सर पूरी तरह भरी रहती हैं।
ऐसे में हवाई यात्रा यात्रियों के लिए तेजी से सबसे व्यवहारिक विकल्प बनती जा रही है।
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इंडिगो एयरलाइंस ने 180 सीटर विमान की जगह 232 सीटर एयरबस ए-321 का संचालन शुरू कर दिया है। अभी तक बरेली से मुंबई की उड़ान अंधेरी एयरपोर्ट तक जाती थी,
लेकिन मार्च के अंत तक यही उड़ान नवी मुंबई एयरपोर्ट तक पहुंचने लगेगी।
इसके अलावा बरेली–कुशीनगर रूट को लेकर भी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। वहीं बरेली–दिल्ली और बरेली–लखनऊ रूट के लिए भी उड़ानों की योजना तैयार है।
इन रूट्स पर उड़ान संचालन के लिए जेट एयरविंग्स से अनुबंध की प्रक्रिया चल रही है।
प्रस्ताव के अनुसार यह सेवा बरेली–लखनऊ–दिल्ली के बीच संचालित होगी।
दिसंबर माह में कोहरा और तकनीकी कारणों से बरेली–बंगलूरू और बरेली–मुंबई की कुल 10 उड़ानें निरस्त हुईं, लेकिन इसके बावजूद ग्राहक संतुष्टि सर्वेक्षण में बरेली एयरपोर्ट की रैंकिंग पर कोई असर नहीं पड़ा।
उधर, बरेली एयरपोर्ट के विस्तार कार्य भी तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं। 23.55 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण सितंबर में पूरा हो चुका है।
वायु सेना और सरकारी भूमि का सिविल एन्क्लेव के लिए हस्तांतरण भी हो गया है। नए टर्मिनल सहित अन्य निर्माण कार्य मार्च 2027 तक पूरे किए जाने का लक्ष्य रखा गया है।
सिविल एन्क्लेव बरेली के निदेशक अवधेश अग्रवाल ने बताया कि बरेली–नवी मुंबई उड़ान के लिए सभी आवश्यक स्लॉट और एनओसी मिल चुकी है और मार्च के अंत तक उड़ान शुरू करने की पूरी तैयारी है।
वहीं दिल्ली–लखनऊ रूट के लिए जेवर एयरपोर्ट पर स्लॉट आवंटन की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। वर्ष 2026 में बरेली से कई नई उड़ानों की शुरुआत होने की उम्मीद है।